-->

## केरल में बारिश का कहर, 15 लोगों की मौत; 11 हजार से ज्यादा लोग राहत शिविरों में, NDRF-सेना अलर्ट

खबरे शेयर करे -

## केरल में बारिश का कहर, 15 लोगों की मौत; 11 हजार से ज्यादा लोग राहत शिविरों में, NDRF-सेना अलर्ट

**डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम।** केरल में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य में अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 7 लोग अब भी लापता हैं। हालात से निपटने के लिए NDRF, ITBP और अन्य सुरक्षा बलों की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बताया कि राज्य में सोमवार सुबह तक 316 राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जहां 11,018 विस्थापित लोगों को सुरक्षित ठहराया गया है। मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए सरकार ने 10 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही कृषि विभाग को फसल और कृषि भूमि के नुकसान के मुआवजे में संशोधन का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

### अलग-अलग जिलों में 15 लोगों की मौत

सरकार के अनुसार, कोट्टायम में 3, मलप्पुरम में 4, एर्नाकुलम में 2, कोल्लम में 2, कन्नूर, कोझिकोड, इडुक्की और मुवत्तुपुझा में 1-1 व्यक्ति की मौत हुई है। लापता लोगों में कोल्लम और कन्नूर से दो-दो, जबकि मलप्पुरम, इडुक्की और मुवत्तुपुझा से एक-एक व्यक्ति शामिल हैं।

### 3,596 किसान प्रभावित, कृषि भूमि को भारी नुकसान

प्रारंभिक आकलन के अनुसार करीब 165 हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित हुई है, जिससे 3,596 किसान नुकसान की चपेट में आए हैं। सरकार का कहना है कि अंतिम सर्वे के बाद नुकसान का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

### राहत और बचाव में जुटीं NDRF और सुरक्षा बलों की टीमें

भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए पथानामथिट्टा और कोट्टायम सहित कई जिलों में NDRF की टीमें तैनात की गई हैं। अराक्कोनम से दो अतिरिक्त टीमें भी तैयार रखी गई हैं। जरूरत पड़ने पर ITBP और डिफेंस सिक्योरिटी कॉर्प्स के जवानों की तैनाती के निर्देश भी जारी किए गए हैं। राहत कार्यों के लिए हेलीकॉप्टर भी उपलब्ध करा दिए गए हैं।

### मौसम विभाग का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 3 से 6 अगस्त के बीच केरल में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। मछुआरों को केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप तट पर समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। समुद्र में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं और उत्तरी केरल तट पर 2.7 से 3.5 मीटर ऊंची लहरें उठने की संभावना जताई गई है।


खबरे शेयर करे -