उत्तर प्रदेश: पीलीभीत में सीएम योगी बोले- तुष्टिकरण से बढ़ा आतंकवाद, संतुष्टीकरण से आ रहा रामराज्य
पीलीभीत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीलीभीत में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि तुष्टिकरण की नीति से देश में आतंकवाद को बढ़ावा मिला, जबकि अब संतुष्टीकरण के जरिए रामराज्य की अवधारणा को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी आस्था और भावनात्मक एकता है। देश में अनेक भाषाएं और बोलियां होने के बावजूद लोगों की भावनाएं एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं।
सीएम योगी ने रामकथा और रामलीला की हजारों साल पुरानी परंपरा का उल्लेख करते हुए पंडित राधेश्याम की रामायण की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस परंपरा को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ है।
मुख्यमंत्री ने 2 नवंबर को अयोध्या दौरे का जिक्र करते हुए रामभक्तों पर गोली चलाए जाने की पुरानी घटना को याद किया। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव की तैयारियों के दौरान रामलला के दर्शन के लिए एक ही दिन में करीब एक लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। सीएम ने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार का पैसा अब विकास और जीर्णोद्धार के कार्यों में लगाया जा रहा है।




