उत्तर प्रदेश: सीट बंटवारे पर कांग्रेस के तेवर सख्त, इमरान मसूद बोले- गठबंधन में सहयोगी हैं, भिखारी नहीं
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर तल्खी बढ़ती जा रही है। कांग्रेस सांसद और प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने साफ कहा है कि पार्टी अपने राजनीतिक वजूद से समझौता नहीं करेगी। 60 सीटों पर चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर इतनी ही सीटों पर समझौता करना है तो फिर चुनाव लड़ने का क्या फायदा? कांग्रेस को अपनी पार्टी मजबूत करनी है और अपना अस्तित्व कायम रखना है।
इमरान मसूद ने सपा पर गठबंधन धर्म का पालन नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सहयोगी होता है, भिखारी नहीं। गठबंधन के तहत प्रत्याशियों की साझा सूची जारी होनी चाहिए, न कि कोई एक पार्टी अकेले अपनी सूची जारी करे। उन्होंने सपा से सवाल किया कि उसे भाजपा से लड़ना है या कांग्रेस से।
वहीं, बसपा के साथ गठबंधन की संभावनाओं पर मसूद ने कहा कि मायावती कोई छोटी नेता नहीं हैं और गठबंधन का फैसला उन्हें करना है। सपा के घोषणापत्र लॉन्च कार्यक्रम के निमंत्रण को लेकर उन्होंने अनभिज्ञता जताई। सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस के सख्त रुख से यूपी में विपक्षी गठबंधन की सियासत गरमा गई है।




