



UPSC Teacher Recruitment 2026: प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल के 828 पदों पर भर्ती, 14 अगस्त तक करें आवेदन
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल के कुल 828 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 14 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार की जाएगी।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पहले पंजीकरण करना होगा, इसके बाद लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरना होगा।
योग्यता और आयु सीमा
भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएशन के साथ बीएड की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके अलावा संबंधित पद के अनुसार कार्यानुभव और अन्य निर्धारित योग्यताएं भी आवश्यक हैं।
अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। विस्तृत पात्रता की जानकारी के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन देखना जरूरी है।
आवेदन शुल्क
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 25 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा। एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन निशुल्क रखा गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन शॉर्टलिस्टिंग के बाद इंटरव्यू या भर्ती परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। इंटरव्यू 100 अंकों का होगा।
भर्ती का विवरण
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 828 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें 124 पद प्रिंसिपल और 704 पद वाइस प्रिंसिपल के हैं।
महत्वपूर्ण तिथि
आवेदन शुरू: जारी
आवेदन की अंतिम तिथि: 14 अगस्त 2026

