बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की बड़ी जीत तय, 24वें राउंड तक 13,868 वोटों की बढ़त

बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की बड़ी जीत तय, 24वें राउंड तक 13,868 वोटों की बढ़त

बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की बड़ी जीत तय, 24वें राउंड तक 13,868 वोटों की बढ़त

पटना। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना अंतिम चरण में पहुंच गई है। 24वें राउंड तक जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने निर्णायक बढ़त बना ली है और उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है। भाजपा के नीरज सिन्हा दूसरे स्थान पर हैं, जबकि राजद की रेखा कुमारी तीसरे नंबर पर चल रही हैं।

मतगणना पटना के एएन कॉलेज स्थित केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 8 बजे शुरू हुई। चुनाव आयोग की निगरानी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से कराई जा रही है। मतगणना केंद्र में केवल अधिकृत पासधारकों को ही प्रवेश दिया गया।

24वें राउंड तक के आंकड़ों के अनुसार प्रशांत किशोर को 48,434 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा को 34,566 वोट प्राप्त हुए हैं। दोनों के बीच 13,868 वोटों का अंतर है। राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी को 11,197 वोट मिले हैं और वह मुकाबले से काफी पीछे हैं।

मतगणना के दौरान शुरुआती राउंड से ही प्रशांत किशोर बढ़त बनाए रहे। समय के साथ उनकी लीड लगातार बढ़ती गई। सातवें राउंड तक बढ़त 3,811 वोट, 10वें राउंड तक 6,011 वोट, 15वें राउंड तक 8,202 वोट, 20वें राउंड तक 11,621 वोट और 24वें राउंड तक यह बढ़कर 13,868 वोट पहुंच गई।

प्रशांत किशोर की बढ़त मजबूत होने के बाद पटना स्थित जन सुराज कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने गुलाल उड़ाकर और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाना शुरू कर दिया। पार्टी नेताओं ने इसे बिहार की राजनीति में बदलाव का संकेत बताया।

दूसरी ओर भाजपा खेमे में शुरुआती जीत के दावे मतगणना के साथ कमजोर पड़ते नजर आए। राजद भी पूरे चुनाव में तीसरे स्थान पर बनी रही और मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में कुल 25 उम्मीदवार मैदान में थे। इस सीट पर 34.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था और 1,30,234 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अब अंतिम परिणाम की औपचारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन मौजूदा रुझानों में प्रशांत किशोर की जीत लगभग तय मानी जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement