मध्यप्रदेश: रिटायर्ड IAS की हत्या के आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली
भोपाल। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी और उनके केयरटेकर वरुण कुमार को पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार कर लिया है। भोपाल लाते समय मुगलिया छाप के पास आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, वरुण की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वारदात के बाद वह ट्रेन से आगरा पहुंचा था और उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए रिटायर्ड आईएएस का मोबाइल अपने एक दोस्त को दे दिया था। मोबाइल फोन नहीं होने के कारण उसकी लोकेशन तलाशना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसआईटी भी गठित की गई थी।
गौरतलब है कि 30 सितंबर को रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरज नगर स्थित आवास में 72 वर्षीय राकेश अग्रवाल का गला कटा शव मिला था। जांच में पुलिस को शक था कि केयरटेकर वरुण ने हत्या के बाद घर से नकदी और जेवरात लूटे तथा वारदात को हादसा दिखाने के लिए गैस रेगुलेटर खुला छोड़ दिया था। अब पुलिस आरोपी से हत्या की वजह, लूटे गए सामान और साक्ष्य मिटाने की कथित साजिश को लेकर पूछताछ करेगी।




