ट्रंप की ईरान को कड़ी चेतावनी, कहा- हमले तब तक जारी रहेंगे जब तक नहीं रुके समुद्री हमले

ट्रंप की ईरान को कड़ी चेतावनी, कहा- हमले तब तक जारी रहेंगे जब तक नहीं रुके समुद्री हमले

इंटरनेशनल डेस्क। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई और तेज करने की चेतावनी दी है। ट्रंप ने स्पष्ट कहा कि जब तक ईरान समुद्री जहाजों पर हमले बंद नहीं करता और बातचीत की मेज पर आने के लिए तैयार नहीं होता, तब तक अमेरिकी सैन्य अभियान जारी रहेगा।

ट्रंप के इस बयान के बाद पूरे पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है। इसी बीच अमेरिकी विदेश विभाग ने क्षेत्र में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर जाने या हालात बिगड़ने की स्थिति में तुरंत क्षेत्र छोड़ने के लिए तैयार रहने की सलाह दी है।

उधर, गाजा और लेबनान में भी इज़राइल ने नए हवाई हमले किए हैं, जिससे क्षेत्र में संघर्ष और गहरा गया है। लगातार हो रहे हमलों के बीच मानवीय स्थिति भी गंभीर होती जा रही है।

वहीं, ईरान ने अमेरिका और इज़राइल को कड़ा जवाब देने की चेतावनी दी है। ईरान के सरकारी मीडिया के मुताबिक, एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने कहा है कि यदि ईरान पर किसी तरह का हमला किया जाता है तो देश इज़राइल के महत्वपूर्ण सैन्य और रणनीतिक ठिकानों के साथ-साथ पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी ऊर्जा परिसंपत्तियों को निशाना बनाएगा।

अधिकारी के अनुसार, संभावित सैन्य कार्रवाई की स्थिति से निपटने के लिए ईरान ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है। इस घटनाक्रम ने पूरे पश्चिम एशिया में बड़े सैन्य टकराव की आशंकाओं को और बढ़ा दिया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अमेरिका, ईरान और इज़राइल के बीच तनाव इसी तरह बढ़ता रहा तो इसका असर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति, कच्चे तेल की कीमतों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर भी पड़ सकता है। दुनिया के कई देश हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों की मांग कर रहे हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement