राजस्थान: जयसमंद झील से किसानों को दो बार मिलेगा पानी, 10 नवंबर से शुरू होगी नहरों में सप्लाई
राजस्थान के उदयपुर में जयसमंद झील के कम जलस्तर के चलते रबी फसल 2026-27 के लिए किसानों को इस बार केवल दो बार सिंचाई का पानी मिलेगा। सिंचाई विभाग 10 नवंबर से नहरों में पानी छोड़ना शुरू करेगा। इस संबंध में जिला कलेक्टर एवं जल वितरण समिति के अध्यक्ष मुहम्मद जुनेद पीपी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें सिंचाई व्यवस्था और किसानों की समस्याओं पर चर्चा हुई।
बैठक में किसानों ने नहरों की सफाई में देरी और गेटों के उचित रखरखाव का मुद्दा उठाया। किसानों का कहना था कि नहरों की नियमित सफाई नहीं होने से पानी खेतों के अंतिम छोर तक नहीं पहुंच पाता। उन्होंने पानी छोड़ने से पहले नहरों की सफाई कराने के साथ समय पर बीज और खाद उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। इसके अलावा नीलगाय, पैंथर और जंगली सूअरों से फसलों को हो रहे नुकसान पर चिंता जताई।
जिला कलेक्टर ने किसानों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में सिंचाई, कृषि और वन विभाग के अधिकारी, जल वितरण समिति के सदस्य और किसान मौजूद रहे।




